
अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी, एकजुटता का लिया संकल्प


जौनपुर। किराना व्यापार संघ, जौनपुर के तत्वावधान में शहर के एक प्रतिष्ठित बैंक्वेट हाल में व्यापारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। संघ के अध्यक्ष विजय अग्रहरि की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कीटनाशक लाइसेंस की जटिल प्रक्रियाओं और प्रशासनिक उत्पीड़न को लेकर व्यापारियों ने कड़ा रोष व्यक्त किया। व्यापारियों ने दो टूक कहा कि लाइसेंस नवीनीकरण और सरकारी नियमों की आड़ में छोटे व्यापारियों को परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
लाइसेंस प्रक्रिया बनी सिरदर्द
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष विजय कुमार अग्रहरि ने कहा कि कीटनाशक लाइसेंस से संबंधित नियमों में हालिया बदलावों के कारण व्यापारी असमंजस में हैं। प्रशासनिक बाधाओं के चलते नवीनीकरण (रिन्यूअल) का कार्य लटका रहता है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि विभाग को प्रक्रियाओं का सरलीकरण करना चाहिए ताकि छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारी राहत महसूस कर सकें।
उत्पीड़न के खिलाफ एकजुटता की अपील
कोषाध्यक्ष गुलजारी लाल गुप्ता ने व्यापारियों के साथ हो रहे कथित उत्पीड़न पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बिना एकजुटता के इन समस्याओं से लड़ना संभव नहीं है। वहीं, नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल ने संघ की पहल का स्वागत करते हुए सभी व्यापारियों को एक मंच पर आने का आह्वान किया।
-
*योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग*
महामंत्री आशीष कुमार गुप्ता ने कहा कि भारत सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाएं जानकारी के अभाव और जटिल कागजी कार्यवाही के कारण व्यापारियों तक नहीं पहुँच पा रही हैं। व्यापारियों ने इन योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग उठाई।
बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय केडिया, नगर महामंत्री मुन्ना लाल अग्रहरि, मनोज कुमार साहू, ओंकारनाथ शाह, मनोज कुमार ओमर, रोहित जायसवाल, मन्नालाल जायसवाल, बल्लू सिंह, अंकित साहू, योगेश साहू, दरोगा जायसवाल, चंद्रप्रकाश चौरसिया, गौरव मौर्य, सुभाष मौर्य, अशोक जायसवाल, सर्वेश गुप्ता, उमाशंकर गुप्ता, अमित कुमार साहू, प्रशांत उपाध्याय और प्रवीण साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन व आभार महामंत्री आशीष गुप्ता ने व्यक्त किया।
Author: fastblitz24



