Fastblitz 24

सच्चाई के ‘रंगे हाथ’ पकड़े जाने के 15 दिन बाद खौफनाक अंत: पति के नाजायज रिश्ते की भेंट चढ़ी विवाहिता, जहर देकर मारने का आरोप!

फाइल फोटो (मृतका)

मासूम बेटियों के सिर से उठा ममता का साया; माँ, जेठ और पति की प्रेमिका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, इलाके में सनसनी

तेजीबाज़ार (जौनपुर)।

रिश्तों के कत्ल और बेवफाई की एक ऐसी खौफनाक दास्तान सामने आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। तेजीबाज़ार क्षेत्र के ब्राह्मणपुर नवाबाद बस्ती में एक 31 वर्षीय विवाहिता आरती गौतम पत्नी सुरेश गौतम की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने से मौत हो गई। मृतका की माँ ने सीधे तौर पर अपने दामाद, जेठ और दामाद की प्रेमिका पर जहर देकर हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

रात 9 बजे बाजार ले गया पति, 11 बजे आई मौत की खबर

​यह दिल दहला देने वाली घटना मंगलवार रात की है। मृतका की माँ विमला देवी और बहनों (रेखा, सुषमा, अनुराधा) ने रोते हुए बताया कि मंगलवार की रात लगभग 9 बजे पति सुरेश, आरती को साथ लेकर कलिंजरा बाज़ार गया था। इसके ठीक दो घंटे बाद यानी रात 11 बजे मायके वालों के पास फोन खड़का कि आरती ने जहर खा लिया है। मायके पक्ष का साफ कहना है कि आरती कभी खुदकुशी नहीं कर सकती, उसे साजिश के तहत जहर देकर मौत के घाट उतारा गया है।

15 दिन पहले रंगे हाथ पकड़े गए थे ‘वो’ और ‘वो’

​परिजनों के मुताबिक, इस पूरी खौफनाक वारदात की पटकथा पति के अवैध संबंधों के चलते लिखी गई। सुरेश का गांव की ही एक महिला संगीता (पत्नी अनिल गौतम) के साथ काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। महज 15 दिन पहले ही ग्रामीणों और परिजनों ने सुरेश और संगीता को रंगे हाथ पकड़ा था। मामला थाने तक पहुंचा और बकायदा पंचायत भी बुलाई गई थी।

माफी मांगकर टाला था तलाक, फिर दे दिया दगा!

पंचायत में ग्राम प्रधान अमरनाथ गौतम एडवोकेट और मायके पक्ष की मौजूदगी में आरती और सुरेश के तलाक का फैसला होने वाला था। लेकिन शातिर पति सुरेश ने सबके सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी और कसम खाई कि वह आगे से ऐसी गलती नहीं करेगा और आरती को ठीक से रखेगा। इस झांसे में आकर मामला शांत हो गया, लेकिन किसी को नहीं पता था कि यह माफीनामा महज एक ढोंग था।

 

मासूम बेटियों के सिर से छिना माँ का साया

​आरती बक्शा थाना क्षेत्र के पूरातेजी गांव निवासी मदनलाल गौतम की पुत्री थी, जिसकी शादी 12 वर्ष पूर्व सुरेश से हुई थी। इस पारिवारिक कलह और खूनी खेल ने दो मासूम बच्चियों के सिर से माँ का साया हमेशा के लिए छीन लिया। बड़ी बेटी (7 वर्ष) और छोटी बेटी (5 वर्ष), जो गांव के ही परिषदीय विद्यालय में पढ़ती हैं, उन्हें तो यह भी नहीं पता कि उनकी माँ अब इस दुनिया में नहीं रही। मायके में कोहराम मचा हुआ है और माँ विमला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

क्या कहती है पुलिस?

​”ब्राह्मणपुर नवाबाद गांव में हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका की माँ की तहरीर के आधार पर पति सुरेश गौतम, जेठ रमेश उर्फ कल्लू गौतम तथा प्रेमिका संगीता के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की अग्रिम विवेचना जारी है।”

— सतेन्द्र भाई पटेल, थानाध्यक्ष

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज