- तेजी बाजार में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात, घरेलू विवाद में सगे चाचा और भाभी ने मिलकर ली 65 वर्षीय वृद्ध की जान

- पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा; चंद किलोमीटर की दूरी पर 6 घंटे में दो दुस्साहसिक कांडों से थर्राया इलाका
विशेष ब्यूरो

जौनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए बेखौफ अपराधियों ने पुलिस प्रशासन के इकबाल को सरेआम घुटनों पर ला दिया है। जिले का ‘अपराधिक तापमान’ उस समय सातवें आसमान पर पहुंच गया, जब महज कुछ ही किलोमीटर के दायरे में आने वाले दो पड़ोसी थाना क्षेत्रों में बैक-टू-बैक दो रूह कंपा देने वाली वारदातों को अंजाम दिया गया। अपराधियों ने सुबह की शुरुआत जहां अपनों के ही खून से सनी खौफनाक हैवानियत से की, वहीं दोपहर होते-होते सरेराह गोलियां बरसाकर पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों का सरेआम जनाजा निकाल दिया।



तेजी बाजार में अपनों ने ही रचा कत्ल का खेल, हत्या के बाद लाश जलाने की कोशिश!
घरेलू विवाद में सगे चाचा और भाभी बने कसाई, पुलिस ने किया गिरफ्तार
खूनी खेल की शुरुआत सुबह तेजी बाजार थाना क्षेत्र के कान्हापुर (बरईपार) गांव से हुई। यहाँ रहने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग अशोक कुमार मिश्र को किसी अज्ञात दुश्मन ने नहीं, बल्कि उनके अपने ही करीबियों ने खौफनाक मौत दे दी। मिली जानकारी के मुताबिक, लंबे समय से चले आ रहे घरेलू विवाद को लेकर अशोक कुमार मिश्र की उनके सगे चाचा लक्ष्मी नारायण मिश्र और भाई की पत्नी (भाभी) शकुंतला मिश्रा ने मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी।
हैवानियत की हद तो तब पार हो गई जब हत्या को छुपाने और साक्ष्य मिटाने के इरादे से आरोपियों ने शव के ऊपर पेट्रोल छिड़क कर उसे फूंकने का प्रयास किया। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही तेजी बाजार थानाध्यक्ष सतेन्द्र भाई पटेल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मौके से ही दोनों नामजद आरोपियों (चाचा और भाभी) को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। थानाध्यक्ष सतेन्द्र भाई पटेल ने पुष्टि की है कि मामला पूरी तरह घरेलू विवाद से जुड़ा है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सिंगरामऊ में सनसनी, सैलून में घुसकर युवक पर दागीं गोलियां
सुबह की वारदात से भी नहीं चेती पुलिस, दोपहर में मेढ़ा मोड़ पर गूंजी तड़तड़ाहट
अभी तेजी बाजार में बुजुर्ग की हत्या और लाश फूंकने की इस सनसनीखेज वारदात से इलाका पूरी तरह संभला भी नहीं था कि दोपहर होते-होते ठीक बगल के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में बदमाशों ने दूसरा तांडव रच दिया। इससे साफ होता है कि सुबह की इतनी बड़ी वारदात के बाद भी पुलिस अलर्ट मोड पर नहीं आई थी।
दोपहर के वक्त बदलापुर तहसील के सिंगरामऊ अंतर्गत मेढ़ा मोड़ स्थित एक सैलून में रामीपुर गांव का आशीष मिश्रा शेविंग करा रहा था। तभी बाइक सवार दो नकाबपोश शूटर वहां पहुंचे और अचानक आशीष पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली आशीष के सिर के बेहद करीब से निकलकर दीवार में जा धंसी, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। सैलून में अचानक हुई इस गोलीबारी से बाजार में भगदड़ मच गई। आशीष के शोर मचाने पर जब तक स्थानीय लोग जुटते, दोनों हमलावर रतासी बाजार की तरफ बाइक दौड़ाकर रफूचक्कर हो गए।

सूचना के बाद मौके पर पहुंची सिंगरामऊ पुलिस और डायल 112 जांच का पुराना राग अलाप रही है। थाना प्रभारी सैय्यद हसनैन मुंतजार का कहना है कि मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
Author: fastblitz24



