Fastblitz 24

जौनपुर: संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी का शव फंदे से लटका मिला, आक्रोशित परिजनों ने पड़ोसी की मड़ई में लगाई आग

 

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के घनघनुवां गांव की घटना;

हत्या की आशंका जताकर युवती के परिजनों ने की आगजनी, गांव में पुलिस बल तैनात

जौनपुर (ब्यूरो): सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के घनघनुवां गांव में रविवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी का शव पशुशाला में फंदे से लटकता हुआ पाया गया। घटना से आक्रोशित लड़की के परिजनों ने पड़ोस के ही एक युवक पर हत्या की साजिश का आरोप लगाते हुए उसकी मड़ई (झोपड़ी) में आग लगा दी। आगजनी के बाद आरोपी पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। गांव में पैदा हुए तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गायब होने के बाद पशुशाला में मिला शव

​जानकारी के अनुसार, घनघनुवां गांव निवासी काजल बिंद (17 वर्ष) रविवार शाम को अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो परिजन परेशान हो गए। रात करीब आठ बजे परिजनों ने देखा कि घर के पास ही स्थित पशुशाला में काजल का शव फंदे के सहारे लटक रहा है। यह देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

आक्रोशित परिजनों ने की आगजनी, आरोपी फरार

​किशोरी की मौत से गुस्साए परिजनों ने पड़ोस के ही एक युवक पर साजिश रचकर हत्या करने का शक जाहिर किया। आक्रोश इस कदर बढ़ा कि लड़की पक्ष के लोगों ने आरोपी युवक के मड़हे में आग लगा दी। आग की लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक और उसके परिवार के लोग घर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही सरायख्वाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

क्या कहते हैं जिम्मेदार?

“शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलते ही आरोपी युवक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात है और शांति व्यवस्था कायम है।”

— अमरेंद्र कुमार पांडेय, थाना प्रभारी, सरायख्वाजा

 

कानूनी सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज