Fastblitz 24

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के स्केटिंग ट्रैक पर दिखा जौनपुर का जलवा, भाई-बहन ने बटोरे पदक

​(विशेष संवाददाता )

  • नोएडा में आयोजित 11वीं नेशनल रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप 2026 में जौनपुर के स्केटर्स ने मचाया तहलका

जौनपुर।

​नोएडा में आयोजित 11वीं नेशनल रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप के ट्रैक पर इस बार जौनपुर के नन्हे स्केटर्स का जबरदस्त जलवा देखने को मिला। रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (RSFI) की इस बेहद प्रतिस्पर्धी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जौनपुर के जांबाज खिलाड़ियों ने अपनी रफ्तार और संतुलन का ऐसा हैरतअंगेज प्रदर्शन किया कि विरोधी चारों खाने चित हो गए। जिले के कुल पांच खिलाड़ियों के दल में से एक ही परिवार के दो सगे भाई-बहन सहित तीन स्केटर्स ने पदक बटोरकर राष्ट्रीय मंच पर जौनपुर की खेल प्रतिभा का डंका बजा दिया है।

​रफ्तार के ट्रैक पर जौनपुर का दबदबा

​जौनपुर स्केटिंग एकेडमी की सबसे होनहार खिलाड़ी प्रान्वी सिंह ने 6 से 8 वर्ष के आयु वर्ग के 500 मीटर + आर और 400 मीटर स्पर्धा में बिजली जैसी फुर्ती दिखाते हुए दो शानदार रजत (सिल्वर) पदक अपने नाम किए। रफ्तार के इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए अन्वि सोनकर ने 10 से 12 वर्ष के आयु वर्ग की कठिन रोड रेस में अपनी बादशाहत कायम की और एक और रजत पदक जिले की झोली में डाल दिया।

​वहीं, बालक वर्ग के 12 से 15 वर्ष के कड़े मुकाबले में प्रान्वी के सगे भाई विराट सिंह ने स्केटिंग ट्रैक पर अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए जौनपुर के लिए कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक जीता। इस तरह भाई-बहन की इस जोड़ी ने नेशनल ट्रैक पर पदक बटोरकर इतिहास रच दिया।

​कड़ा संघर्ष और उज्ज्वल भविष्य का संकल्प

​एकेडमी के दो अन्य जुझारू खिलाड़ियों, पीयूष और विवान जायसवाल ने भी ट्रैक पर अंत तक कड़ा संघर्ष किया और अपनी तकनीक से सबको प्रभावित किया, हालांकि वे मामूली अंतर से पदक की रेस से बाहर रह गए।

​जौनपुर स्केटिंग एकेडमी के जिला सचिव विजय राज यादव, कोच अंकित अस्थाना और आकाश सर ने बच्चों की इस आक्रामक और शानदार जीत पर गहरा गर्व व्यक्त किया है। उन्होंने साफ किया कि बच्चों का यह सफर यहीं थमने वाला नहीं है, अब इनका अगला सीधा लक्ष्य सीबीएसई (CBSE) नेशनल और फेडरेशन नेशनल में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाना है।

​पूर्व मंत्री के पौत्र-पौत्री हैं विजेता भाई-बहन

​ट्रैक पर जौनपुर का मान बढ़ाने वाले विजेता भाई-बहन, प्रान्वी सिंह और विराट सिंह, राजनीतिक और सामाजिक रूप से प्रतिष्ठित परिवार से आते हैं। ये दोनों प्रदेश के पूर्व मंत्री और जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन कुंवर विरेंद्र प्रताप सिंह के पौत्र और पौत्री हैं। सम्प्रति प्रसाद इंटरनेशनल स्कूल के ये दोनों मेधावी छात्र जौनपुर स्केटिंग एकेडमी में स्केटिंग की बारीकियां सीख रहे हैं। इस धमाकेदार राष्ट्रीय सफलता के बाद पूरे जिले में जश्न का माहौल है।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज