
जौनपुर। जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र के ग्राम समोधपुर गांव में विवाहिता की फांसी पर लटकती लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। मायके पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए मार डालने का आरोप लगाकर तीन पर मुकदमा दर्ज कर दिया है। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि उक्त गांव निवासी नागेन्द्र कुमार का विवाह लगभग दो वर्ष पूर्व सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के समदाहा गांव निवासी महेंद्र कुमार की पुत्री संदना 22 वर्ष के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल के लोग उसे तरह.तरह के प्रताड़ित किया करते थे। इसी बीच में उसने एक पुत्र को जन्म दिया। सोमवार शाम लगभग 7 बजे घर के एक कमरे में फांसी पर उसकी लाश लटकती हुई देखी गई। जैसे ही यह खबर गांव में पहुंची बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


Author: fastblitz24



