जौनपुर: जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बघन्द्रा गांव में आज एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां तालाब में नहाने गए दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी और मातम पसर गया है।

जानकारी के अनुसार, नयनसंड गांव निवासी स्वर्गीय धीरज राय के पुत्र 13 वर्षीय ओम और 12 वर्षीय अर्जुन मंगलवार दोपहर बघन्द्रा गांव स्थित दशरथा पोखरे, जिसे ‘बुढऊ बाबा तालाब’ के नाम से भी जाना जाता है, में नहाने गए थे। तालाब में पानी अधिक होने के कारण दोनों भाई अचानक डूबने लगे और मदद के लिए चीखने लगे।


बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन जब तक वे कुछ कर पाते, दोनों गहरे पानी में समा चुके थे। घंटों की मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस के जवानों ने मिलकर दोनों बच्चों के शवों को तालाब से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय भी मौके पर पहुंचे और अपनी सरकारी गाड़ी से दोनों बच्चों को इलाज के लिए चोरसंड स्थित सामुदायिक अस्पताल भेजा। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस दुखद घटना से परिवारों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल है।
Author: fastblitz24



