अनुसंधान, नवाचार और पारदर्शी प्रशासन होगी नई प्राथमिकता

विश्वविद्यालय के पूर्व सहयोगियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया अभिनंदन

प्रयागराज/जौनपुर

वीर बहादुर सिंह (VBS) पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में इंजीनियरिंग विभाग के डीन और कार्यवाहक कुलपति,,इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी के प्रख्यात शिक्षाविद प्रोफेसर बी.वी. तिवारी ने नेहरू ग्राम भारती मानित विश्वविद्यालय, प्रयागराज के नए कुलपति के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। अपने चार दशक के लंबे और समृद्ध शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव के साथ, प्रो. तिवारी ने स्पष्ट किया है कि उनका कार्यकाल विश्वविद्यालय को अकादमिक उत्कृष्टता और पारदर्शी शासन के नए कीर्तिमान स्थापित करने पर केंद्रित होगा।


शैक्षणिक जगत में अनुभव की धनी शख्सियत
प्रो. तिवारी का करियर उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने 1982-86 के दौरान आईआईटी रुड़की से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग में एमटेक की उपाधि प्राप्त की और 1993 में लखनऊ विश्वविद्यालय से पीएचडी पूरी की। वीर बहादुर सिंह (VBS) पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में इंजीनियरिंग विभाग के डीन और कार्यवाहक कुलपति के रूप में उन्होंने अपनी अमिट छाप छोड़ी है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने आईआईटी प्रयागराज और गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार जैसे शीर्ष संस्थानों में भी महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं अध्यापन जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
‘सामूहिक प्रयास से ही संभव है प्रगति’
पदभार ग्रहण करने के उपरांत, प्रो. तिवारी ने अपने विजन को साझा करते हुए कहा, “मेरा लक्ष्य विश्वविद्यालय को अनुसंधान, नवाचार, अनुशासन और उत्तरदायी प्रशासन का केंद्र बनाना है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की सफलता केवल व्यक्तिगत प्रयासों से नहीं, बल्कि टीम वर्क और एक सकारात्मक कार्य संस्कृति के तालमेल से संभव होती है।
पूर्व सहयोगियों ने दी शुभकामनाएं
उनकी इस नियुक्ति पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय में एक भव्य वर्चुअल अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान, पूर्व कुलपति प्रो. डी.डी. दुबे ने कहा, “प्रो. तिवारी का विस्तृत प्रशासनिक अनुभव नेहरू ग्राम भारती विश्वविद्यालय के चहुंमुखी विकास में मील का पत्थर साबित होगा।”
समारोह में प्रो. हरिश्चंद्र पुरोहित, प्रो. एस.के. सिन्हा, प्रो. ए.के. श्रीवास्तव, प्रो. सौरभ पाल और प्रो. अजय द्विवेदी सहित कई प्रबुद्धजनों ने उनके सफल कार्यकाल की कामना की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विवेक सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रमोद सिंह कौशिक द्वारा प्रस्तुत किया गया।
Author: fastblitz24


