
अमेरिका के कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी नई रिलीज हुई फाइलों में एक ऐसा फोटो सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. इस तस्वीर में टेस्ला और SpaceX के सीईओ एलॉन मस्क और मेटा के सीईओ मार्क जकरबर्ग एक डिनर पार्टी में साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं. ये फोटो अगस्त 2015 का बताया जा रहा है, जब एपस्टीन पहले ही यौन अपराध में दोषी साबित हो चुका था. इस डिनर पार्टी की तस्वीर जेफ्री एपस्टीन की फाइलों से मिली है. एपस्टीन ने खुद इसे अपने ईमेल पर भेजा था. फोटो में मस्क और जकरबर्ग एक ही टेबल पर बैठे नजर आ रहे हैं. एपस्टीन ने इस पार्टी को एक ईमेल में ‘वाइल्ड’ बताया था और लिखा था कि इस इवेंट में कुछ और बड़े टेक उद्योग के प्रमुख लोगों ने भी हिस्सा लिया था.


हालांकि एलॉन मस्क ने इससे पहले सोशल मीडिया पर दावा किया था कि वो एपस्टीन की किसी भी पार्टी में कभी शामिल नहीं हुए हैं और उन्होंने एपस्टीन के साथ जुड़े अपराधों के आरोपियों के खिलाफ न्याय पाने की बात कही थी. वहीं Meta की तरफ से भी कहा गया कि जकरबर्ग ने एपस्टीन से सिर्फ एक बार डिनर पर मुलाकात की थी और आगे कोई संबंध नहीं रहा. सोशल मीडिया और इंटरनेट पर ये फोटो तेजी से वायरल हो रही है. लोग इसे लेकर अलग–अलग राय दे रहे हैं. कुछ आलोचना कर रहे हैं तो कुछ इसे फर्जी बता रहे हैं. कई तथ्यों को लेकर भी बहस हो रही है कि क्या वास्तव में मस्क और जकरबर्ग एपस्टीन के करीबी रहे या ये सिर्फ एक सामान्य डिनर ही था.
Author: fastblitz24



