Fastblitz 24

उत्तर प्रदेश में जनाधार बढ़ाने की तैयारी: बिहार दौरे से लौटीं डॉ. प्रीति उपाध्याय, जौनपुर सहित पूर्वांचल में बढ़ेगी लोजपा (आर) की सियासी हलचल

संगठन विस्तार और आगामी चुनावी रणनीति पर शीर्ष नेतृत्व से मंथन, विधानसभा चुनाव में डॉ. प्रीति को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

जौनपुर / वाराणसी (ब्यूरो): लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अब उत्तर प्रदेश, विशेषकर पूर्वांचल में अपना सियासी कुनबा मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है। इसी सिलसिले में लोजपा (रामविलास) महिला काशी प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रीति उपाध्याय ने अपने हालिया बिहार दौरे के दौरान पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर उत्तर प्रदेश के सियासी हालातों पर विस्तार से चर्चा की। डॉ. प्रीति के इस दौरे के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि जौनपुर सहित आसपास के जिलों में पार्टी की राजनीतिक हलचल और जमीनी गतिविधियां तेजी से बढ़ने वाली हैं।

प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी से की विशेष मुलाकात

​दौरे के दौरान डॉ. प्रीति उपाध्याय ने बिहार के विधायक, सचेतक, नेता विधायक दल एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी से विशेष मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण बैठक में उत्तर प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, संगठन विस्तार और आगामी चुनावी रणनीति पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। मुलाकात के दौरान पार्टी संगठन को उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा जनाधार बढ़ाने को लेकर विशेष रोडमैप तैयार किया गया।

जौनपुर और पूर्वांचल में बड़े कार्यक्रमों की तैयारी

​पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) आगामी दिनों में उत्तर प्रदेश और विशेषकर जौनपुर जनपद में बड़े कार्यक्रमों, रैलियों और जनसंपर्क अभियानों की रूपरेखा तैयार कर रही है। डॉ. प्रीति उपाध्याय ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में संगठन को हर गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने पूरा भरोसा जताया कि आने वाले समय में पार्टी प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत और प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराएगी।

चुनावी मैदान में उतरने के संकेत, जौनपुर की सियासत पर असर!

​सूत्रों की मानें तो डॉ. प्रीति उपाध्याय आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बेहद सक्रिय भूमिका में नजर आ सकती हैं। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उन्हें चुनावी मैदान में उतारने की संभावनाओं पर भी गंभीरता से विचार कर रहा है। यदि ऐसा होता है, तो जौनपुर और आसपास के जिलों की स्थानीय राजनीति में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं। बैठक के दौरान संगठन की मजबूती के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण और उत्तर प्रदेश में पार्टी के विस्तार को लेकर कई अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी सहमति बनी है। शीर्ष नेतृत्व से हरी झंडी मिलने के बाद अब जल्द ही जनपद में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की सरगर्मी बढ़ने के साफ संकेत मिल रहे हैं।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज