बैंक ऑफ बड़ौदा के पास दोपहर दो बजे मची चीख-पुकार, पुअलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को दबोचा, परिजनों में मचा कोहराम
शाहगंज/जौनपुर:

स्थानीय नगर के आजमगढ़ मार्ग पर मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक तेज रफ्तार रोडवेज बस काल बनकर आई और एक बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सीधे बस के पिछले पहिए के नीचे आ गया और उसने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे के बाद घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


मदद के लिए दौड़े लोग, पर थमी थीं सांसें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब दो बजे एक बाइक सवार युवक आजमगढ़ मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अनियंत्रित रोडवेज बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिरा और बस का भारी-भरकम पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत युवक की मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
आजमगढ़ का रहने वाला था मृतक
हादसे का शिकार हुए मृतक की पहचान विवेकानंद सिंह (48 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जनपद आजमगढ़ के थाना पवई अंतर्गत सिरजहांपुर के निवासी थे। जैसे ही हादसे की खबर मृतक के घर पहुंची, हंसते-खेलते परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चालक गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मामले की जानकारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली रोडवेज बस को जब्त कर लिया गया है और आरोपी चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भारी वाहनों की रफ्तार पर उठे सवाल
नगर के इस बेहद व्यस्त आजमगढ़ मार्ग पर हुए हादसे ने एक बार फिर यातायात प्रबंधन और भारी वाहनों की अंधाधुंध रफ्तार पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए और तेज रफ्तार वाहनों पर नकेल कसी जाए, ताकि किसी और का घर इस तरह न उजड़े।
Author: fastblitz24


