सुल्तानपुर। नगर पंचायत लंभुआ में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के बंदरबांट का एक कथित मामला गरमाने लगा है। आरोप है कि जो सीसी रोड पहले ही बनकर तैयार हो चुकी है, उसी कार्य के लिए दोबारा निविदा (टेंडर) प्रकाशित कर दी गई। मामला सामने आने के बाद सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजकर जांच की मांग की है।

पुरानी सड़क, नया टेंडर


शिकायतकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मण गांधी ने साक्ष्यों के साथ प्रार्थना पत्र देकर बताया कि अटल नगर वार्ड में मुख्य मार्ग से मनोज पाण्डेय के घर तक सीसी रोड का निर्माण काफी समय पहले ही पूरा हो चुका है। इसके बावजूद, नगर पंचायत प्रशासन द्वारा बीते 28 मार्च 2026 को जारी अल्पकालीन निविदा सूचना में इसी कार्य को फिर से दर्शाया गया है। आरोप है कि यह प्रक्रिया केवल सरकारी बजट के गबन और धन की लूट के उद्देश्य से अपनाई गई है। शिकायतकर्ता ने इस निविदा को तत्काल शून्य घोषित कर गोपनीय जांच की मांग उठाई है।
- अधिकारी बोले- टाइपिंग में हुई चूक
भ्रष्टाचार के आरोपों पर सफाई देते हुए अधिशासी अधिकारी अमित सिंह ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि भ्रष्टाचार या दोबारा निर्माण जैसा कोई विषय नहीं है। असल में, एक निजी विद्यालय के समीप 80 मीटर लंबे संपर्क मार्ग के निर्माण की योजना थी, जिसकी निविदा जारी की गई थी। विज्ञापन प्रकाशन के दौरान लिपिकीय त्रुटि के कारण वहां पुराना नाम ‘मिसप्रिंट’ हो गया है।
इनका कहना है:
”नगर पंचायत में धन के दुरुपयोग की कोशिश हो रही है। बनी हुई सड़क का दोबारा टेंडर निकालना गंभीर अनियमितता है। शासन को इस पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।”
— लक्ष्मण गांधी, शिकायतकर्ता
”गबन के आरोप निराधार हैं। विज्ञापन में नाम की त्रुटि हुई है, जिसे सुधार लिया जाएगा। निर्माण कार्य उसी स्थल पर होगा जहां सड़क की आवश्यकता है।”
— अमित सिंह, अधिशासी अधिकारी, लंभुआ
Author: fastblitz24



