
अमेरिकी. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्य पूर्व के अपने प्रमुख सहयोगी देश सऊदी अरब को F-35 स्टील्थ फाइटर जेट देने की घोषणा की है। ट्रंप ने सोमवार को कहा कि वह सऊदी अरब को एफ-35 फाइटर बेचे जाने की मंजूरी देंगे। ट्रंप प्रशासन में इस बात को लेकर चिंता है कि सऊदी अरब को एफ-35 जेट दिए जाने से चीन को इस अत्याधुनिक लड़ाकू मशीन के पीछे की अमेरिकी तकनीक मिल सकती है। ट्रंप की घोषणा सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (MBS) के बहु प्रतीक्षित वॉशिंगटन दौरे से ठीक एक दिन पहले हुई है। मोहम्मद बिन सलमान का आठ वर्षों में यह पहला वॉशिंगटन दौरा है।


जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह सऊदी अरब को जेट बेचेंगे तो उन्होंने कहा, ‘मैं कहूंगा कि हम ऐसा करेंगे। हम F-35 बेचेंगे।’ F-35 फाइटर जेट की बिक्री दोनों देशों के बीच होने वाली कई बड़ी डील्स में से एक है, जिसकी घोषणा MBS के इस दौरे के दौरान होने की उम्मीद है। ट्रंप प्रशासन एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से एपी ने बताया कि सऊदी क्राउन प्रिंस यात्रा के दौरान अमेरिकी ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ढांचे में अरबों डॉलर के निवेश की घोषणा कर सकते हैं।
Author: fastblitz24



