जौनपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में आजादी के महान क्रांतिकारियों की मूर्तियों को तोड़े जाने की घटना के विरोध में जौनपुर जनपद के बदलापुर में मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। काकोरी ऐक्शन शताब्दी वर्ष आयोजन समिति के तत्वावधान में तहसील मुख्यालय स्थित इंदिरा चौक पर लोगों ने एकत्र होकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।


प्रदर्शन से पूर्व जौनपुर रोड स्थित सब्जी मंडी से एक विशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र, नौजवान और महिलाएं शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए शाहजहांपुर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शाहजहांपुर नगर निगम परिसर में स्थापित काकोरी कांड के अमर शहीद—राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, रोशन सिंह एवं राजेंद्र नाथ लाहिड़ी की प्रतिमाओं को रात करीब 3 बजे बुलडोजर से तोड़ दिया गया और उन्हें अपमानजनक तरीके से कूड़ेदान में फेंक दिया गया। इस घटना को लेकर लोगों में गहरा रोष व्याप्त है।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने मांग की कि सभी क्रांतिकारियों की प्रतिमाओं को पुनः सम्मानपूर्वक स्थापित किया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई कर उदाहरण प्रस्तुत किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के जिला सचिव प्रमोद कुमार शुक्ल ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष दिलीप कुमार खरवार ने किया। इस दौरान इन्दु कुमार शुक्ल, मिथिलेश कुमार मौर्य, संतोष कुमार प्रजापति, अंजली सरोज और अपर्णा शुक्ला समेत कई वक्ताओं ने सभा को संबोधित किया।
इस अवसर पर लालता प्रसाद यादव, मनोज कुमार विश्वकर्मा, राजेंद्र प्रसाद तिवारी, विजय प्रकाश गुप्ता, लालता प्रसाद मौर्य, शिवभवन सिंह, शैलेंद्र कुमार, अनुष्का शुक्ला, विनोद मौर्य, राकेश मौर्य, राकेश निषाद, सुविता, इदरीश अहमद, आजाद गुप्ता, अरविंद तिवारी, अंबुज खरवार, छोटेलाल मिश्र, धनंजय सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


Author: fastblitz24



