
छात्रों को ‘नमाज का स्टेप सिखाने’ के आरोप में निलंबित हुए सरकारी टीचर जबूर अहमद तड़वी ने अपना पक्ष रखा है. जबूर मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिला स्थित एक सरकारी स्कूल में टीचर हैं. उन पर आरोप है कि उन्होंने स्कूली बच्चों को सूर्य नमस्कार से पहले नमाज का स्टेप कराया. बच्चों के पेरेंट्स और हिंदू जागरण मंच ने प्रशासन से इसकी शिकायत की थी. फिर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) संतोष सिंह सोलंकी ने तड़वी को सस्पेंड कर दिया.


सस्पेंड होने के बाद तड़वी ने सोमवार, 27 अक्टूबर को सभी आरोपों पर अपनी बात रखी. दैनिक भास्कर की खबर के मुताबिक, तड़वी ने बताया कि शासन के नियमों के मुताबिक स्कूल के टाइम टेबल में सुबह 10:30 बजे से 11:00 बजे तक योग का पीरियड होता है. उन्होंने कहा कि इस दौरान सूर्य नमस्कार की पुस्तक से एक ‘शष्टासन’ कराया गया था, जिसमें बच्चों को खरगोश की तरह बैठकर आगे झुकना होता है. उन्होंने आगे बताया कि इसे ही गलतफहमी में नमाज का स्टेप बता दिया गया. जबूर अहमद तड़वी ने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है, लेकिन पहले इस घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने अपने खिलाफ लगे आरोपों को गलत बताया और उनकी सच्चाई पर सवाल उठाए.
Author: fastblitz24



