मड़ियाहूँ, जौनपुर।
जौनपुर जनपद के मड़ियाहूँ थाना क्षेत्र के केडवारी मोड़ के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। अंधेरे का फायदा उठाकर उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिवम राजभर उर्फ गोलू (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसके पास से अवैध असलहा और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
मुठभेड़ का विवरण
प्रभारी निरीक्षक मड़ियाहूँ दीपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में शांति-व्यवस्था और वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मंझनपुर निवासी शिवम राजभर अपने साथी के साथ अवैध असलहे के साथ केडवारी की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने केडवारी मोड़ पर घेराबंदी की। संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने भागने का प्रयास किया। भागते समय मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरता देख एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें शिवम राजभर घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी मड़ियाहूँ भेजा गया है।

बरामदगी और आपराधिक इतिहास
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से निम्नलिखित सामग्री बरामद की है:
01 देशी तमंचा (.315 बोर)
01 जिंदा कारतूस और 01 खोखा कारतूस
01 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या UP62DJ3466)
पकड़े गए अभियुक्त शिवम राजभर पर पहले से ही मड़ियाहूँ और महाराजगंज थानों में गंभीर धाराओं (BNS और आर्म्स एक्ट) के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम की तत्परता
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह के साथ व.उ.नि. रमेश कुमार, हे.का. रिजवान अहमद, हे.का. अनुज प्रताप सिंह, का. विष्णुशरण तिवारी, का. जागेश्वर सिंह और का. सुशील सिंह शामिल रहे।
क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूँ, श्री परमानन्द कुशवाहा का वक्तव्य:
“अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मड़ियाहूँ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में एक शातिर अपराधी घायल हुआ है, जिसे गिरफ्तार कर उपचार हेतु भेजा गया है। फरार अभियुक्त की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और विधिक कार्यवाही प्रचलित है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।”


Author: fastblitz24



