चंदौली. रविवार रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला। जिले के सैयदराजा क्षेत्र में चोरी करने पहुंचे मनबढ़ चोरों ने एक किशोर को गोली मार दी। किशोर, चोरों को पकड़ने का प्रयास कर रहा था। उधर, फायरिंग की आवाज सुन हरकत में आए किशोर के परिजनों ने गोली चलाने वाले चोर को दबोच लिया। पुलिस और भारी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। घायल किशोर को जल्द ही अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ताजा अपडेट के अनुसार, पुलिस ने पकड़े गए चोर सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

ये पूरा मामला जिले के सैयदराजा क्षेत्र अंतर्गत दुधारी गांव का है। जानकारी के अनुसार, रविवार रात कुछ अज्ञात चोर, दुधारी निवासी मुन्ना राम के घर चोरी की नीयत से पहुंचे हुए थे। चोरों की आहट से घर के लोग जाग गए और सभी ने शोर मचाते हुए चोरों को दौड़ा लिया। चोर खेत के रास्ते भागने का प्रयास करने लगे। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मुन्ना राम के 17 वर्षीय पुत्र भोनी उर्फ मोनू ने एक चोर को खेत में दबोच लिया। इस दौरान चोर ने बचने के लिए भोनी उर्फ मोनू को काफी नजदीक से गोली मार दी, जिससे भोनी गंभीर रूप से घायल हो गया, पर उसने घायल अवस्था में भी चोर को नहीं छोड़ा।


Author: fastblitz24



