जौनपुर: जफराबाद थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कांध गांव में हुए तिहरे हत्याकांड के 18 दिन बाद आखिरकार जनप्रतिनिधि ने परिजनों का हाल जानने के लिए कदम बढ़ाया है। गुरुवार शाम को मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज मोहम्मदपुर कांध गांव पहुंचीं और निर्मम हत्या का शिकार हुए पिता लालजी और उनके दो पुत्रों गुड्डू व यादवीर के परिजनों से मुलाकात की। सांसद ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद और न्याय दिलाने का भरोसा दिया है।

यह हृदयविदारक घटना बीते 25 मई की देर रात की है, जब मोहम्मदपुर कांध गांव के निवासी लालजी और उनके दो पुत्रों गुड्डू तथा यादवीर की नेवादा स्थित कारखाने में निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य हत्याकांड ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया था और तब से परिजन न्याय का इंतजार कर रहे हैं।
पूरा पढ़िए… ????


गुरुवार की शाम को सांसद प्रिया सरोज मृतक लालजी की पत्नी प्रभावती और बहू सरिता से मिलने उनके घर पहुंचीं। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और प्रभावती को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि वह परिवार की हर संभव मदद के लिए हमेशा साथ खड़ी रहेंगी। सांसद प्रिया सरोज ने मृतक गुड्डू की पत्नी सरिता से विशेष रूप से कहा कि वह इस मामले में जल्द ही जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से बात करेंगी। उन्होंने पुलिस से फरार चल रहे हत्या के तीसरे आरोपी गोलू को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग करने का भी आश्वासन दिया।
इस संवेदनशील मौके पर सांसद प्रिया सरोज के साथ समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष डॉ. सरफराज खान, शिवशंत यादव सहित अन्य स्थानीय नेता और ग्रामीण मौजूद रहे। तिहरे हत्याकांड के बाद से ही गांव में एक अजीब सा डर और गम का माहौल बना हुआ है। परिजनों की मांग है कि सभी आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और उन्हें कड़ी सजा मिले ताकि न्याय की स्थापना हो सके। सांसद की इस मुलाकात से पीड़ित परिवार को कुछ हद तक राहत मिली है और उन्हें न्याय की उम्मीद जगी है।
Author: fastblitz24



