जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के पुरेव वैदा गांव में शुक्रवार की रात लगभग 8 बजे खाना खाकर बाहर निकले एक मजदूर की घर से दो सौ मीटर की दूरी पर स्थ्ति पेड़ पर फंदे के सहारे लटकती हुई लाश पाई गई है। फिल्हाल पुलिस मृतक मजदूर की लाश को अपने कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस रहस्यमयी घटना पर हत्या की आशंका जताते हुए मृतक के परिवार वाले और ग्रामीण जांच की मांग कर रहे हैं। मृतक के पृत्र रणजीत राजभर ने बताया कि उसके पिता शिवकुमार राजभर उम्र 60 वर्ष मजदूरी का काम करते थें। शुक्रवार की रात लगभग आठ बजे वह खाना खाकर घर से किसी काम को लेकर बाहर चले गए थें। काफी समय बीत जाने पर भी जब वह नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने उन्हें ढूंढना शुरू कर दिया लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। अगले दिन सुबह गांव के लोगों ने घर से दो सौ मीटर की दूरी पर एक बगीचे में आम के पेड़ पर फंदे के सहारे मजदूर की लाश लटकती हुई दिखाई दी। बुज़ुर्ग के परिजनों ने तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। गांव वालों के अनुसार जिस जगह पर लाश पाई गई वहां तक दूर तक घसीटने का निशान बना हुआ था। मृतक मजदूर की खैनी की डिब्बी घटनास्थल से कुछ दूरी पर कीचड़ के पास से मिली है। मृतक का पैर जमीन पर छू रहा था जिसको लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने इस मामले पर आत्महत्या की आशंका जताई है। फिल्हाल सही कारण पोस्टमार्टम रिर्पोट आने पर ही पता चलेगा।


Author: fastblitz24



