आजमगढ़ की रहने वाली थी मृतका
जौनपुर/शाहगंज।
कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरानी बाजार मोहल्ले में सोमवार शाम एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां किराए के मकान में रहने वाली एक 25 वर्षीय युवती का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

देर शाम तक नहीं खुला दरवाजा, तो हुआ शक
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरावल गांव की निवासी अंशु यादव (25) शाहगंज के पुरानी बाजार मोहल्ले में किराए पर कमरा लेकर रहती थी। सोमवार को काफी देर शाम होने के बाद भी जब अंशु के कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। स्थानीय निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना इलाका पुलिस को दी।


मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही शाहगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब कमरे के भीतर देखा तो अंशु का शव दुपट्टे के फंदे के सहारे छत पर लगे पंखे से लटका हुआ था।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने तत्काल फंदे से शव को नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिसके कारण आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और मामले के हर पहलू की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।
Author: fastblitz24


