जौनपुर। सुजानगंज थाना क्षेत्र में सई नदी में एक अक्टूबर को डूबे 45 वर्षीय व्यक्ति की तीन दिन बाद लाश बरामद की गई है। व्यक्ति की पहचान रामकुमार उर्फ सूबेदार के रूप में हुई है। वह एक अक्टूबर की सुबह बाल्हामऊ गांव के पास सई नदी में स्नान करते समय लापता हो गए थें। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसारए यह घटना विजयदशमी के दिन मूर्तियों के विसर्जन के दौरान हुई। रामकुमार नदी पार कर दूसरी तरफ चले गए थे और वापस आते समय अचानक तेज बहाव में फंस गए। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पातेए वे नदी में डूब चुके थे। ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। नदी में कुछ दूरी पर जाल भी लगवाया गयाए लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मछलीशहर के तहसीलदार रवि रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और गोताखोरों को बुलाकर हर संभव मदद का आश्वासन दिया था। ग्रामीणों ने बताया कि रामकुमार अक्सर सई नदी में स्नान करने जाते थे और अच्छी तरह तैरकर नदी पार कर लेते थे।तीसरे दिन सुबह ग्राम पंचायत कुशमौल में मछली पकड़ने गए ग्रामीणों ने नदी में एक शव तैरता देखा। नजदीक जाने पर उसकी पहचान रामकुमार के रूप में हुई। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला।पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। रामकुमार के परिवार में उनकी पत्नी लीलावती और 12 वर्षीय पुत्री गुलशन हैंए जिनका घटना के बाद से बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लोग मौके पर जमा हो गए थे।

Author: fastblitz24

