पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में भाजपा के सांसद और विधायक पर हमला हुआ है. दोनों नेता जलपाईगुड़ी के नागरकाटा में बाढ़ राहत कार्य के दौरान लोगों को राहत सामग्री बांट रहे थे. इसी दौरान उन पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया. हमले में मालदा उत्तर के सांसद खगन मुर्मू को सिर पर गहरी चोट आई है जबकि विधायक शंकर घोष भी इस हिंसा में घायल हो गए हैं.

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार दोनों नेताओं पर ये कथित हमला तब हुआ जब वो बाढ़ पीड़ित लोगों के बीच राहत सामग्री बांट रहे थे. सांसद खगन मुर्मू और विधायक शंकर घोष के साथ भाजपा के अन्य स्थानीय नेता भी मौजूद थे. इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर पथराव कर दिया जिसमें सांसद के सिर फूट गया और खून बहने लगा. लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया.


भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष अमित मालवीय ने अपने सोशल मीडिया के एक्स अकाउंट पर इस कथित हमले का वीडियो शेयर किया है. पोस्ट में लगे दो वीडियो में से एक में भाजपा सांसद खगन मुर्मू के सिर से खून बहता दिख रहा है. उन्हें उनके सुरक्षा गार्ड गाड़ी से लेकर जा रहे हैं. वहीं दूसरे वीडियो में पथराव की वजह से गाड़ी का शीशा टूटता दिख रहा है. अमित मालवीय ने इन वीडियोज को शेयर करते हुए एक्स पर लिखा
बंगाल में टीएमसी का जंगलराज! उत्तरी मालदा से दो बार सांसद रहे और एक सम्मानित आदिवासी नेता, भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर टीएमसी के गुंडों ने उस समय हमला किया जब वे जलपाईगुड़ी के दुआर्स क्षेत्र के नागराकाटा में विनाशकारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के बाद राहत और बचाव कार्यों में मदद करने जा रहे थे. जब ममता बनर्जी अपने कोलकाता कार्निवल में नाच रही थीं, तब टीएमसी और राज्य प्रशासन गायब था. जो लोग वास्तव में लोगों की मदद कर रहे थे, भाजपा नेता और कार्यकर्ता, उन पर राहत कार्य करने के लिए हमला किया जा रहा है. यह टीएमसी का बंगाल है, जहां क्रूरता का बोलबाला है और दया की सजा.
Author: fastblitz24



