चीन. नए टाइप 004 जहाज (एयरक्राफ्ट कैरियर) से ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं, जो अमेरिका और भारत की चिंता बढ़ा सकती हैं। चीन अपने एक नए विमानवाहक पोत पर काम कर रहा है। इसके बारे में मानना है कि इसमें परमाणु प्रणोदन प्रणाली (न्यूक्लियर प्रोप्लजन) का इस्तेमाल किया जा रहा है। यानी यह परमाणु उर्जा से चलने वाला शक्तिशाली जहाज होगा। जहाज के पतवार की संरचना के बारे में सामने आए विवरण भी इसकी पुष्टि कर रहे हैं। ऐसे में इसे चीन की समुद्री ताकत बढ़ने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

चीनी जहाज के बारे में यह घटनाक्रम पीपुल्स लिबरेशन आर्मी नेवी की ओर से अपने पहले घरेलू निर्मित विमानवाहक पोत फुजियान के समुद्र में उतरने के एक सप्ताह बाद हुआ है। इस बीच ये दावा भी किया जा रहा है कि बीजिंग इस समय कम से कम एक और पारंपरिक रूप से संचालित विमानवाहक पोत पर भी काम कर रहा है। चीन का नया वाहक पोत टाइप 004 लियाओनिंग प्रांत के डालियान शिपयार्ड में आकार लेते हुए दिखाई दे रहा है। सामने आई तस्वीरों में जहाज पर एक रिएक्टर कंटेनमेंट की संरचना दिखी है, इससे लगता है कि यह परमाणु कैरियर है। यह संरचना मोटे तौर पर अमेरिकी परमाणु ऊर्जा चालित सुपरकैरियर पोतों जैसी है। एक्सपर्ट में इस बात पर आम सहमति है कि यह किसी परमाणु रिएक्टर से संबंधित है।


Author: fastblitz24



