Fastblitz 24

जौनपुर में ‘खूनी होती रस्में’: मेहंदी के जश्न में व्यापारी को मारी गोली

को

शुक्रवार को बारात में हुई आजाद बिंद की हत्या का जख्म अभी भरा भी नहीं था कि फिर दहला जनपद

जौनपुर | जौनपुर में अपराधी अब पुलिस को चुनौती नहीं दे रहे, बल्कि खुलेआम ‘समानांतर सरकार’ चला रहे हैं। जफराबाद के नाथूपुर में सोमवार रात मेहंदी के कार्यक्रम के दौरान हुई फायरिंग ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जिले में आम आदमी की जान की कोई कीमत नहीं बची है। अभी पिछले शुक्रवार को ही बारात के दौरान आजाद बिंद की सरेराह हत्या से जिला उबला हुआ था, कि अब इस नई वारदात ने पुलिसिया इकबाल पर कालिख पोत दी है।

ताजा वारदात: मेहंदी की रस्म के बीच सरेआम फायरिंग

​जफराबाद थाना क्षेत्र के नाथूपुर गांव में बांकेलाल गुप्ता के घर शहनाइयां बजने वाली थीं। सोमवार रात मेहंदी की रस्म चल रही थी कि तभी गांव का एक दबंग युवक बाइक से पहुंचा और हाथ में तमंचा लहराते हुए गोलियां बरसा दीं। गोली घर के बाहर खड़े 60 वर्षीय प्रेम साव के जबड़े को चीरते हुए गर्दन में जा फंसी। चीख-पुकार और भगदड़ के बीच आरोपी फरार हो गया। घायल को जिला अस्पताल से BHU ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

बैकग्राउंड: शुक्रवार को बारात में आजाद बिंद की हत्या का खौफ अभी भी कायम

​जनपद अभी उस सदमे से उबरा भी नहीं था, जब पिछले शुक्रवार को बारात ले जाते समय रास्ते में आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश भर दिया था। एक तरफ परिवार शादी की खुशियां मना रहा था, तो दूसरी तरफ आजाद की लाश ने सिस्टम को आईना दिखाया था। लगातार हो रही इन वारदातों से साफ है कि जौनपुर में ‘वेडिंग सीजन’ अब ‘किलिंग सीजन’ में बदलता जा रहा है।

 4 दिन में दो बड़ी वारदातें, क्या सो रही है जौनपुर पुलिस?

  • दबंगई चरम पर: शुक्रवार को आजाद बिंद की हत्या और अब सोमवार को प्रेम साव पर हमला—दोनों ही घटनाएं वैवाहिक कार्यक्रमों के दौरान हुईं। क्या अपराधियों ने अब भीड़भाड़ वाले आयोजनों को सॉफ्ट टारगेट बना लिया है?
  • हथियारों की नुमाइश: गांव-गांव में तमंचे लहराना आम बात हो गई है। पुलिस का चेकिंग अभियान केवल कागजों तक सीमित नजर आ रहा है।
  • कानून का डर खत्म: सरेआम गोली मारकर भाग जाना बताता है कि अपराधियों के मन में खाकी का रत्ती भर भी खौफ नहीं बचा है।

​ पुलिस का वही रटा-रटाया जवाब कि “मामले की जांच जारी है और जल्द गिरफ्तारी होगी”, लेकिन सवाल यह है कि क्या अगली वारदात होने से पहले प्रशासन जागेगा?

जौनपुर ब्यूरो की रिपोर्ट

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज