जौनपुर। अयोध्या धाम से काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए जा रही टूरिस्ट बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे करीब डेढ़ दर्जन दर्शनार्थी घायल हो गए। दुर्घटना रविवार रात 12 बजे नौपेड़वा बाजार के समीप हुई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नौपेड़वा सीएचसी अस्पताल ले जाया गया, जहां से पांच गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे का कारण बस चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। दुर्घटना के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में चीख-पुकार मच गई। पीछे से आ रहे अन्य वाहनों के यात्रियों ने घटना की जानकारी पुलिस और एंबुलेंस को दी।


छत्तीसगढ़ के थाना बसना, थाना सरायपाली, पिथौरा ब्लॉक और बड़ौदा बाजार से कुल 52 श्रद्धालु टूरिस्ट बस में सवार होकर 27 जनवरी को प्रयागराज स्नान के लिए निकले थे। प्रयागराज में स्नान करने के बाद वे अयोध्या धाम पहुंचे, जहां रामलला के दर्शन किए। शनिवार दोपहर 1 बजे सभी श्रद्धालु काशी विश्वनाथ धाम के लिए रवाना हुए थे।
बस में सवार श्रद्धालुओं में से पांच गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें—
- भानुमती (40 वर्ष) पत्नी मकरध्वज
- कान्हा साहू (25 वर्ष) पुत्र कंदर
- गोपकांत (60 वर्ष) पुत्र जगदीश
- जोराबाई (60 वर्ष) पत्नी सियाराम
- जोराबाई (57 वर्ष) पत्नी कान्ताप्रसाद
इन सभी को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। इसके अलावा, करीब दर्जनभर यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिनका इलाज नौपेड़वा सीएचसी में किया गया।
अस्पताल में मौजूद अधीक्षक डॉ. जी.के. सिंह, ड्यूटी पर तैनात डॉ. रमाकांत यादव और फार्मासिस्ट लालजी वर्मा ने घायलों का इलाज किया। अधीक्षक ने सभी श्रद्धालुओं के लिए रात्रि विश्राम, चाय-नाश्ते की व्यवस्था कराई।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त आराम करें और नींद पूरी करने के बाद ही ड्राइव करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Author: fastblitz24



