गुरुग्राम – गुरुग्राम जिले के बिलासपुर-तावडू रोड पर गुरुवार दोपहर राहगीरों ने सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव देखा। सूचना मिलते ही तावडू और बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह तीन से चार दिन पुराना है। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। शव को पहचान के लिए नजदीकी गांव वालों के समक्ष भी दिखाया गया, लेकिन कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
पूरा पढ़िये 👇


पुलिस को शव पर कुछ निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मौत सड़क दुर्घटना में हुई हो सकती है। हालांकि, वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि इतनी खराब हालत में शव मिलने से लोगों में भय और दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालने की प्रक्रिया चल रही है।
गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने पिछले कुछ दिनों में कोई व्यक्ति लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है तो संबंधित थाने से संपर्क करें, ताकि मृतक की पहचान जल्द की जा सके।
Author: fastblitz24



