जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के यादवनगर नई बस्ती में बीती रात एक अज्ञात चार पहिया वाहन की जोरदार टक्कर से बैट्री लेने गए जीजी और साले की मौत हो गई है। बाइक पर सवार तीसरा साथी घायल हो गया है। मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ पड़ी। सिकरारा क्षेत्र के पोखरियापुर के रहने वाले संतोष गौतम अपने साले गुड्डू गौतम के साथ रामपुर के औरा गांव की नई बस्ती में राहुल गौतम के घर आए थे।

राहुल गौतम के घर पुत्री के जन्म के बाद बरही समारोह के कार्यक्रम की तैय्यारी की जा रही थी। कार्यक्रम के लिए दोनों बुधवार की रात अपनी बाइक से पास के अरविंद गौतम के यहां बैटरी लेने गए थे। बैटरी लेने के बाद दोनों जीजा और साले ने अपने एक और साथी सिपाही गौतम को भी ले लिया। नेशनल हाईवे पर आते ही एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से संतोष गौतम और गुड्डू गौतम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।


घटना के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया। घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। दूसरी तरफ दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया है।
Author: fastblitz24



