
जौनपुर। जिले में बड़े सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। खाद्य.औषधि विभाग ने छापा मारकर एक लाख चैरासी हजार कोडीन मिश्रित कफ सिरप की बोतलें बरामद की हैं, जिनकी बाजार में कीमत 42 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। यह प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी में से एक मानी जा रही है। जांच में खुलासा हुआ कि जौनपुर में संचालित 12 फर्मों को झारखंड की राजधानी रांची स्थित शैली इंटरप्राइजेज के माध्यम से लगातार भारी मात्रा में कोडीन सिरप सप्लाई की जा रही थी।


यह फर्म शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद के नाम पर रजिस्टर्ड है। अधिकारियों के अनुसार शैली इंटरप्राइजेज ही इस पूरे अवैध तस्करी नेटवर्क का मुख्य केंद्र था, जिसके माध्यम से करोड़ों रुपये की कोडीन सिरप सप्लाई की जाती थी। प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि वर्षों से यह कारोबार नकद लेन.देन के जरिए चलता रहा। यह अवैध कोडीन कफ सिरप नशे के बाजार में बेचा जाता था, जहां इसकी मांग काफी अधिक है। जांच रिपोर्ट के अनुसार जिला जौनपुर की 12 दवा कंपनियों ने शैली इंटरप्राइजेज से लाखों बोतलें खरीदीं और भुगतान नकद में किया।
ड्रग इंस्पेक्टर की तहरीर पर शैली इंटरप्राइजेज कई फर्मों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सूत्रों के अनुसार शुभम जायसवाल इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड माना जा रहा है जो कोडीन कफ सिरप की सप्लाई को नशे के बाजार में करोड़ों कमाने के लिए इस्तेमाल कर रहा था। खाद्य.औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें अब इस केस में बैंक खातों, पैसों के लेन.देन, ट्रांसपोर्ट रूट्स की विस्तृत जांच कर रही हैं। टीम नेटवर्क से जुड़े और लोगों की पहचान में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में कई बड़ी गिरफ्तारियां संभव हैं।
Author: fastblitz24



