जौनपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर, समाजवादी महिला सभा ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जौनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष शर्मिला रमेश के नेतृत्व में महिलाओं ने “SIR वापस लो” और “वोट चोर गद्दी छोड़” जैसे नारे लगाए।

शर्मिला रमेश ने आरोप लगाया कि 2022 के विधानसभा चुनावों में “पीडीए परिवार” (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) से संबंधित जातियों, जैसे कि यादव, मुस्लिम, मौर्य, प्रजापति और बघेल, के वोट बड़ी संख्या में गैर-संवैधानिक तरीके से काटे गए। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी ने इस संबंध में 18,000 शपथ पत्रों के साथ चुनाव आयोग से शिकायत भी की थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पूरा पढ़िये 👇
इस विरोध प्रदर्शन के बाद, समाजवादी महिला सभा ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह को सौंपा। ज्ञापन में चुनाव आयोग से इन आरोपों पर सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष रखने और दोषी अधिकारियों को दंडित करने की मांग की गई है। शर्मिला रमेश ने कहा कि यह कदम भविष्य में किसी भी मतदाता को अवैध तरीके से मताधिकार से वंचित होने से बचाने के लिए जरूरी है।इस मौके पर समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव ऊषा जायसवाल, मीरा यादव, संगीता यादव, सीमा देवी, राजकुमारी और पूनम यादव सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहीं।


Author: fastblitz24



