हाथरस. दिल्ली-कानपुर हाइवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक ने रोडवेज बस को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से रोडवेज बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में रोडवेज बस चालक जयवीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस परिचालक हिमांशु गंभीर रूप घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक बस चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र के दिल्ली कानपुर हाईवे NH-34 पर स्थित गांव उमरावपुर पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने रोडवेज बस को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोडवेज बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में रोडवेज बस चालक जयवीर निवासी मिलावली जिला एटा की मौके पर मौत हो गई। वहीं हादसे में परिचालक हिमांशु निवासी मुगलगढ़ी एटा गंभीर घायल हो गए। हादसे के वक्त बस में मौजूद दो सवारियां भी घायल हो गईं।


Author: fastblitz24



