जौनपुर (बक्सा): जनपद के बक्सा थाना क्षेत्र के बभनौटी गांव से रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आ रही है। जहाँ बीती रात दो परिवारों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। इस हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की जान चली गई है, जिससे पूरे इलाके में भारी तनाव व्याप्त है।

लाठी-डंडों से हुआ जानलेवा हमला
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 21/22 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात बभनौटी गांव में दो परिवारों के बीच जमकर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले। शोर-शराबा सुनकर जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक हमलावरों ने अशोक मिश्रा पर जानलेवा हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।


अस्पताल पहुँचने से पहले ही थम गईं सांसें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और गंभीर रूप से घायल अशोक मिश्रा को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अफसोस! अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
पुलिस का ‘फास्ट’ एक्शन: 6 आरोपी सलाखों के पीछे
फास्ट ब्लिट्ज को मिली विशेष जानकारी के अनुसार, मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। मुख्य आरोपी आनन्द मिश्रा समेत अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
“प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने दबिश देकर अब तक 06 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्राधिकारी सदर श्री देवेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और विधिक कार्यवाही तेजी से जारी है।”
बड़ी कार्रवाई की तैयारी
क्षेत्राधिकारी (CO) सदर श्री देवेश सिंह ने आधिकारिक बाइट में बताया कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जौनपुर से फास्ट ब्लिट्ज के लिए ब्यूरो रिपोर्ट।
Author: fastblitz24


