कानपुर.दिल्ली रेलवे ट्रैक पर गोरखधाम एक्सप्रेस का इंजन फेल हो गया। शनिवार देर रात इसकी वजह से ट्रेन करीब 3 घंटे तक हाथरस जंक्शन स्टेशन पर खड़ी रही। रेलवे अधिकारियों ने दूसरे इंजन की सहायता से ट्रेन को रविवार सुबह 5:30 बजे अलीगढ़ की तरफ रवाना कर दिया। इंजन फेल होने के कारण जहां ट्रैक पर आने वाले कई ट्रेन प्रभावित हुईं, वहीं यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

गोरखपुर से बठिंडा की तरफ जा रही गोरखधाम एक्सप्रेस (12555) हाथरस जंक्शन स्टेशन को पार कर रही थी, इसी दौरान उसका इंजन फेल हो गया। रात ढाई बजे ट्रेन हाथरस जंक्शन स्टेशन पर खड़ी हो गई। ट्रेन के चालक ने इंजन फेल होने की सूचना कंट्रोल रूम को दी। जानकारी मिलने पर रेलवे अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। 3 घंटे बाद सुबह 5:30 बजे ट्रेन को दूसरा इंजन लगाकर अलीगढ़ की ओर रवाना किया जा सका।


गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन फेल होने के दौरान अप ट्रैक की करीब 10 ट्रेनों को लूप लाइन से धीमी गति के साथ अलीगढ़ की तरफ रवाना किया जा सका। पीआरओ प्रयागराज मंडल अमित कुमार सिंह ने बताया कि गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन किसी तकनीकी खराब के कारण फैल हो गया था। दूसरा इंजन लगाकर गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है। तीन घंटे तक हाथरस रेलवे स्टेशन पर ट्रेन खड़ी होने की वजह से सवार यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
Author: fastblitz24



