जौनपुर: जनपद जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 18 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध अवस्था में शीशम के पेड़ से लटका हुआ मिला। गुरुवार सुबह मिश्राइन पट्टी गांव के पश्चिम नाले के पास हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए एक लड़की के परिवार पर धमकी देने का आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नारीपुर निवासी माता दयाल गौतम के पुत्र अर्जुन (उम्र 18 वर्ष) की लाश गुरुवार सुबह मिश्राइन पट्टी गांव के पश्चिम नाले के पास एक शीशम के पेड़ में लटकती हुई दिखाई दी। सूचना मिलते ही भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। सूचना पाकर थानाध्यक्ष यजुवेंद्र कुमार सिंह अपने पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्यवाही कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को युवक की जेब से एक मोबाइल भी मिला है।
पूरा पढ़िए… ????


परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि अर्जुन की बातचीत मतरी की एक लड़की से होती थी और लड़की के परिजनों द्वारा उन्हें लगातार धमकी मिल रही थी। परिजनों के अनुसार, 15 जुलाई की शाम को वे पड़ोसी के घर किसी के जन्मदिन में गए थे, और अर्जुन घर पर अकेला था। उसी दौरान किसी के बुलाने पर वह घर से चला गया। परिवार के लोग रात भर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कहीं कोई अता-पता नहीं चला। थक-हारकर उन्होंने 16 जुलाई को थाने में अर्जुन के गायब होने की लिखित सूचना दी थी। जिस जगह पर युवक की लाश मिली है, वह स्थान बहुत ही सुनसान है।
Author: fastblitz24



