
जौनपुर। अन्धत्व निवारण कार्यक्रम के तहत लायन्स क्लब जौनपुर मेन और आर जे शंकरा आई हास्पिटल वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क नेत्र जांच मोतियाबिंद आपरेशन (लेन्स प्रत्यारोपण) शिविर मंगलवार दिनांक 10 फरवरी को समय प्रातः 10 बजे से 2 बजे तक स्थान लक्ष्मी हेल्थ केयर सेंटर निकट कुत्तुपुर तिराहा जौनपुर में आयोजित किया गया है। जिसमें आंखों की जांच की जायेगी और मोतियाबिंद के मरीजों को चिन्हित कर उनकी आंखों का आपरेशन किया जायेगा।


संस्थाध्यक्ष सीए राजेश राज गुप्ता ने बताया कि मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण का कार्य आर. जे. शंकरा आई हास्पिटल वाराणसी में होगा। मरीज़ तैयारी के साथ आयें, उसी दिन हास्पिटल के साधन से मरीज़ो को वाराणसी ले जाया जायेगा, आपरेशन के बाद तीसरे दिन मरीज़ को कैंप स्थल पर छोड़ दिया जायेगा। इसलिए जरुरतमंद इस शिविर का लाभ उठा सकते हैं। आंख आपरेशन लेन्स प्रत्यारोपण एवं दवा किसी भी चीज का कोई भी पैसा नही लगेगा।
संयोजक डॉ संदीप मौर्य ने बताया कि मरीजों की आंखों की निःशुल्क जांच और मोतियाबिंद ऑपरेशन लेन्स प्रत्यारोपण, आर जे शंकरा आई हास्पिटल वाराणसी की चिकित्सा विशेषज्ञ टीम द्वारा आधुनिक तकनीक से किया जाएगा। रोगियों के भोजन, आवास और परिवहन की सुविधा निशुल्क रहेगी। उन्हें निशुल्क दवाइयां और चश्मे भी प्रदान किए जायेंगे। मरीज़ अपने आधार की फोटो कॉपी और उनकी पूर्व से चल रही दवाईयां साथ में लाएं।
सभी से अनुरोध है कि इस निशुल्क नेत्र आपरेशन शिविर का लाभ उठायें और जरुरतमंद लोगों को शिविर में भेजने की कृपा करें। जिससे जरुरतमंद की आंखों का निःशुल्क मोतियाबिंद आपरेशन हो सकें। ये शिविर हर माह के दूसरे मंगलवार को इसी स्थान लगता है।
Author: fastblitz24



