मायके वालों को दी गई सूचना, पुलिस ने पति और ननद को पूछताछ के लिए लिया हिरासत में
तेजीबाज़ार/जौनपुर।

क्षेत्र के भोषिला गांव में बुधवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 24 वर्षीय प्रियंका पत्नी प्रवेश उपाध्याय ने कमरे के भीतर दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका के तीन माह की एक बेटी है, जिसकी देखभाल को लेकर अब सवाल खड़े हो गए हैं।


सुबह का खाना खिलाकर पति गया था ड्यूटी
घटना के संबंध में पति प्रवेश उपाध्याय ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे प्रियंका ने उसे खाना खिलाया था। इसके बाद वह अपनी ड्यूटी के लिए बदलापुर निकल गया था। वह अभी रास्ते में ही था कि घर से अनहोनी की सूचना मिली। घर पहुंचने पर उसने पत्नी को मृत पाया और पुलिस वहां मौजूद थी। पति ने यह भी दावा किया कि प्रियंका का वाराणसी में पिछले कई महीनों से मानसिक इलाज चल रहा था और दो महीने पहले ही उसने डॉक्टर को दिखाया था।
खेत से लौटी ननद तो देखा दृश्य
ननद कुमकुम ने बताया कि उस वक्त वह खेत में काम कर रही थी और उसकी मां उर्मिला घर के बाहर थीं। तभी कमरे के अंदर से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मां जब कमरे की ओर गईं, तो अंदर का दृश्य देखकर उनकी चीख निकल गई। दरवाजा खुलते ही प्रियंका का शव फंदे से लटकता मिला। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
सूचना पाकर थानाध्यक्ष सतेन्द्र भाई पटेल मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने पति प्रवेश उपाध्याय और ननद को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। मृतका का मायका मीरगंज थाना क्षेत्र के जरौना गांव में है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। बता दें कि प्रियंका की शादी पिछले साल 30 अप्रैल 2025 को हुई थी। पुलिस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
Author: fastblitz24



