Fastblitz 24

सामाजिक सौहार्द बाल मेले में गूंजा बाल विवाह उन्मूलन का संदेश

 

जौनपुर। खेतासराय क्षेत्र के फुरकानिया सेकंडरी स्कूल, शाही तालाब, मानेछा में आज़ाद शिक्षा केंद्र, जौनपुर द्वारा 16वां सामाजिक सौहार्द एक दिवसीय बाल मेला आयोजित किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य विषय बाल विवाह उन्मूलन रहा। मेले में 20 गांवों में संचालित साझी सोच कार्यक्रम के अंतर्गत गठित 20 युवा समूहों के लगभग 400 युवाओं, परियोजना क्षेत्र के 10 मदरसों एवं 10 प्राइमरी स्कूलों के करीब 300 बच्चों तथा बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त जौनपुर बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

बाल मेले में आयोजित हस्तकला प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें बच्चों एवं युवाओं ने जैविक फसलों, सब्जियों, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, ताजमहल, प्राचीन धरोहर, हाथ से चलने वाली चक्की, पंखा, डलिया आदि की सुंदर कलाकृतियां प्रस्तुत कीं। प्रदर्शनी का उद्घाटन रामकिशोर पटना ने किया, जबकि खेल कार्यक्रम का शुभारंभ आज़ाद शिक्षा केंद्र के ट्रस्टी मो० अख्तर साहब ने खुर्शीद अनवर स्टेडियम का फीता काटकर किया। इस अवसर पर उमा कुशवाहा (चेयरपर्सन, ग्रीन एंड हैपी इंडिया ट्रस्ट, बांदा), सन्तोष कुशवाहा एवं शरद उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विभिन्न स्टेकहोल्डर, महिला-पुरुष, शिक्षक तथा दिल्ली, महाराष्ट्र, कश्मीर, मुंबई, अरब, पटना (बिहार), बांदा एवं लखनऊ से आए समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से मास्टर महेंद्र, अकरम, तारीक शरीफ, उबैद अहमद, शरद पटेल, शेखर थापा, डॉ. अकरम, मनोज श्रीवास्तव, फिरोज अहमद, रामकिशोर, मोहम्मद तारिक, नियाज़ अहमद, उमा कुशवाहा, सन्तोष कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस अवसर पर चंदन राय जिला बाल कल्याण अधिकारी जौनपुर ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जिसे रोकना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा हेतु जन-जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

खेल प्रतियोगिताओं में युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं की कुर्सी दौड़ में जूही प्रथम, मुस्कान द्वितीय एवं काजल तृतीय रहीं, जबकि रस्सी कूद में सौरभ प्रथम, सुदर्शन सोनकर द्वितीय और आंशिक तृतीय रहे। प्राइमरी स्कूल के बच्चों की कुर्सी दौड़ में अरीबा प्रथम, फरहान द्वितीय एवं इंसा तृतीय रहे, जबकि पेंटिंग प्रतियोगिता में जोया खान प्रथम, हिमांशु द्वितीय और इरम खातून तृतीय रहीं।

कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक विद्यालय जपटापुर के छात्र-छात्राओं ने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर आधारित एक प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से बच्चों ने समय के सदुपयोग, पढ़ाई पर ध्यान तथा डिजिटल उपकरणों के संतुलित उपयोग का सकारात्मक संदेश दिया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में आज़ाद शिक्षा केंद्र के मनोज कुमार, सुफियान अहमद, ज्योतिका श्रीवास्तव, बीरसेन प्रताप, शिल्पा एवं दीपा ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। अंत में आज़ाद शिक्षा केंद्र के मैनेजिंग डायरेक्टर निसार अहमद खान ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज