जौनपुर। थाना जफराबाद की पुलिस टीम ने एक व्यक्ति से पैसा डबल करने का लालच देकर 85 लाख रूपये हड़पने के मामले में एक जालसाज युवक को गिरफ्तार कर लिया है। युवक के पास से पुलिस ने एक एन्ड्रायड मोबाइल फोन को भी बरामद किया। पुलिस के अनुसार आवेदक जफराबाद क्षेत्र के बैजाबाद निवासी कमला प्रसाद पुत्र स्व0 फागू चौहान ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि थाना लाइन बाजार क्षेत्र के चकराजेपुर निवासी अर्जुन चौहान पुत्र कृष्णमुरारी चौहान उम्र करीब 29 वर्ष अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर मेरे द्वारा खेत बेचकर युनियन बैंक में रखे गये 85 लाख रूपये को एक साल में दोगुना करने का लालच देकर 20 लाख रूपये आरटीजीएस व 65 लाख रूपये नगद कुल 85 लाख रूपये धोखाधडी व छल करते हुए हड़प लिया।

उन्होंने कहा कि जब मैने अपने दिये गये पैसों के सम्बन्ध में रसीद की मांग की तो अर्जुन चौहान ने सिविल लाइन एसबीआई बैंक के मुख्य शाखा का कूटरचित और फर्जी एफडी बाण्ड दे दिया। पुलिस ने उस समय प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर मामला दर्ज कर जांच में जुट गई थी। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ला ने मंगलवार को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ पर ठग युवक का बयान”.
पुलिस के पूछताछ करने पर अर्जुन चौहान ने बताया कि मैंने इण्टरनेट के माध्यम से स्टेट बैंक आफ इण्डिया की एफडी आदि प्रपत्र सर्च करके अपने अहमद खां मंडी के रहने वाले परिचित के इस्माइल अहमद के साथ मिलकर षडयन्त्र करके उक्त सर्च किये गये प्रपत्रों के आधार पर इस्माइल अहमद के कम्प्यूटर से कमला प्रसाद चौहान के दिये गये 85 लाख रुपये के बदले में फर्जी एफडी बनवाकर उन्हें दे दिया। ठग युवक ने आगे बताया कि कमला प्रसाद चौहान द्वारा इस मामले के बारे में एफआईण्आर दर्ज करवाने की जानकारी होने पर मैं गिरफ्तारी के डर से मुम्बई भागने वाला था कि पुलिस ने मुझे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके पैन्ट के बांये जेब से एक एन्ड्रायड मोबाइल स्लेटी रंग का बरामद किया, जिसका पैटर्न लाक खोलवाकर फोटो गैलरी में देखा गया तो बैंक सम्बन्धी तमाम प्रपत्र मौजूद पाये गये और डाइनलोड कापी को मोबाइल मे खोलकर दिखाया। बैंक सम्बन्धित प्रपत्र को मोबाइल से डाटा केबल के माध्यम से एक पेन ड्राइव में ट्रान्सफर कर अलग लिया गया।
Author: fastblitz24



