Fastblitz 24

राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर लगी विश्वविद्यालय में पर्यटन स्थलों की फोटो प्रदर्शनी

 

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस–2026 के अंतर्गत 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन स्थलों की फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने किया।

प्रदर्शनी में शाही पुल के विविध छायाचित्रों के माध्यम से मानवीय संवेदनाओं, जीवन और सामाजिक संबंधों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया। वहीं ब्रज की रंगों से सराबोर होली, दशाश्वमेध घाट, सारनाथ तथा प्रयागराज के कुंभ के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृश्य दर्शकों को भावविभोर करते नजर आए।

उद्घाटन अवसर पर डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि भारत की संस्कृति अत्यंत समृद्ध और विविधतापूर्ण है। विशेष रूप से उत्तर प्रदेश धार्मिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। काशी, अयोध्या, मथुरा जैसे धार्मिक स्थल हों या आगरा, झांसी जैसी ऐतिहासिक धरोहर प्रदेश का हर क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से विशिष्ट महत्व रखता है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की फोटो प्रदर्शनियां विद्यार्थियों और युवाओं को देश की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ पर्यटन के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह के संबंध में समन्वयक प्रो. प्रदीप कुमार ने बताया कि यह फोटो प्रदर्शनी एक सप्ताह तक विद्यार्थियों के लिए लगाई जाएगी, जिससे वे उत्तर प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक विरासत को निकट से जान सकें।

फोटो प्रदर्शनी का संयोजन नोडल अधिकारी डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर द्वारा किया गया। इस अवसर पर उप कुलसचिव अजीत कुमार सिंह, प्रो. मुराद अली, डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. श्याम कन्हैया सिंह, डॉ. मनोज पांडे, डॉ. धीरेंद्र चौधरी, डॉ. प्रेमांशु सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज