Fastblitz 24

चाइनीज मांझे के विरुद्ध पुलिस का ‘सुरक्षा कवच’ अभियान: ASP नगर ने खुद वाहनों पर लगवाए सेफ्टी गार्ड

 

जौनपुर। प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से हो रही जानलेवा घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जनपद पुलिस बेहद गंभीर है। इसी क्रम में आज अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर सद्भावना पुल पर एक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों के गले और चेहरे की सुरक्षा के लिए उनके वाहनों पर ‘सुरक्षा गार्ड’ (सेफ्टी वायर) लगवाए।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने स्वयं दोपहिया वाहनों पर लोहे के सुरक्षा कवच लगवाए ताकि पतंगबाजी के दौरान हवा में तैरते जानलेवा धागों से वाहन चालक सुरक्षित रह सकें। पुलिस ने अब तक की अपनी सख्त कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों से 280 किलोग्राम प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त किया है। यह कार्रवाई शहर के उन विक्रेताओं पर की गई जो चोरी-छिपे इस जानलेवा धागे का व्यापार कर रहे थे।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जो भी दुकानदार प्रतिबंधित मांझे की बिक्री में संलिप्त पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने जनता से अपील किया कि “नागरिकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। 280 किलो मांझे की जब्ती यह दर्शाती है कि हम इस खतरे को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जनता से अनुरोध है कि वे सूती धागे (सद्दी) का ही प्रयोग करें और चाइनीज मांझा बेचने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस अभियान के दौरान यातायात उपनिरीक्षक सुशील मिश्रा व यातायात पुलिस की टीम व अन्य पुलिस बल सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज