Fastblitz 24

हनीमून पर पत्नी को घुमाने की चाहत में बने लुटेरे: लखनऊ में अनुसचिव की पत्नी पर जानलेवा हमला और लूट का खुलासा

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के भूतनाथ बाजार स्थित राजकीय कॉलोनी में अनुसचिव हरीशचंद्र पांडेय की पत्नी शशि पर हुए जानलेवा हमले और लूटपाट की घटना का गाजीपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एसी तकनीशियन बनकर घर में घुसे दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, इस खुलासे पर पीड़ित के पति ने असंतुष्टि जताई है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझती नजर आ रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इंदिरानगर के समोद्दीपुर निवासी चिरकू उर्फ कपिल कश्यप और फरीदनगर निवासी रामधीरज उर्फ मोगली के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई बालियां बरामद की हैं। पूछताछ में चिरकू ने बताया कि दोनों स्मैक का नशा करते हैं। उसकी अगले महीने शादी है और उसके पास पत्नी को हनीमून पर घुमाने के लिए पैसे नहीं थे। इसी चाहत में वह कई दिनों से घरों की रेकी कर रहा था। नौ जुलाई को वे राजकीय कॉलोनी पहुंचे और देखा कि इस घर में ज़्यादा लोग नहीं आते-जाते। इसलिए एसी बनाने के नाम पर घुस गए, लेकिन जब घर में सभी लोग मौजूद मिले, तो उन्होंने बाहर से ही लूट को अंजाम दिया और फरार हो गए। डीसीपी ने बताया कि चिरकू पर गाजीपुर थाने में पहले से छह मुकदमे दर्ज हैं, जबकि मोगली पर एक मुकदमा दर्ज है। लूट के बाद दोनों इंदिरानगर वाला कमरा छोड़कर राम-राम बैंक के पास रहने लगे थे।

पूरा पढ़िए… 👇

एसीपी गाजीपुर अनिद्य विक्रम सिंह ने बताया कि लुटेरों को पकड़ने के लिए पुलिस को करीब 300 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पड़े। तब जाकर एक आरोपित की पहचान हुई, जिसकी मदद से दूसरे साथी तक पहुंचे। दूसरा साथी फरार हो गया था, लेकिन टीम ने उसका पीछा कर उसे भी दबोच लिया। घटना के बाद दोनों नैनीताल घूमने चले गए थे, जहां तीन-चार दिन रहने के बाद वे वापस लखनऊ लौटे। वापस आने पर उन्होंने देखा कि पुलिस उनकी तलाश कर रही है, इसलिए वे छिप-छिपकर रहने लगे थे। पुलिस के पास पहले से ही इंदिरानगर समेत कई इलाकों में हुई चोरियों में उनका रिकॉर्ड मौजूद था।

हालांकि, पीड़िता के पति हरीशचंद्र पांडेय पुलिस के इस राजफाश से सहमत नहीं हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने जो माल बरामद किया है, उसमें उनकी पत्नी के गले की चेन का कोई जिक्र नहीं है, जबकि घटना के वक्त उनकी पत्नी ने चेन पहनी हुई थी। उन्होंने बताया कि वह तमाम तथ्यों के साथ प्रमुख सचिव गृह से मिलकर मामले की शिकायत दर्ज कराएंगे।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love