जौनपुर: सरदार सेना सामाजिक संगठन ने प्राथमिक विद्यालयों के विलय और बरेली में एक शिक्षक पर दर्ज एफआईआर के विरोध में राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार पटेल ने सरकार से तत्काल इन मुद्दों पर कार्रवाई करने की मांग की।

उत्तर प्रदेश में हाल ही में पांच हजार से अधिक प्राथमिक विद्यालयों के विलय का आदेश लागू किया गया है, जिसके गंभीर परिणाम सामने आ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लखनऊ, सीतापुर, फतेहपुर, रायबरेली सहित कई जिलों में 50% से अधिक बच्चों ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। अरविंद पटेल ने इस पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि छोटे बच्चों के लिए कई किलोमीटर दूर स्कूल जाना मुश्किल हो रहा है, जिससे शिक्षा का अधिकार (RTE) कानून का खुला उल्लंघन हो रहा है। उन्होंने इसे एक गहरी साजिश बताया, जिसके तहत एक विशेष समाज को शिक्षा जैसे मौलिक अधिकार से वंचित किया जा रहा है।


बरेली की घटना का जिक्र करते हुए जिलाध्यक्ष ने बताया कि बहेड़ी स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल इंटर कॉलेज के अध्यापक डॉ. रजनीश गंगवार ने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए एक गीत सुनाया था, जिसके बाद बरेली पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी। अरविंद पटेल ने सरकार से इन दोनों मामलों का जल्द से जल्द निस्तारण करने की मांग की।
Author: fastblitz24



