Fastblitz 24

तकनीक का सदुपयोग करें छात्र – मनोरमा मौर्या

जौनपुर: मोहम्मद हसन पी.जी. कॉलेज, जौनपुर में सोमवार को उत्तर प्रदेश शासन के डिजिटल इंडिया मिशन के तहत स्मार्टफोन और टैबलेट वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। सौदागर हाल में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने की।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद, जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्या थीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. रामसूरत मौर्य ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की यह पहल छात्रों को तकनीकी संसाधनों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के छात्रों के बीच डिजिटल विभाजन को कम करने में मदद मिलेगी।

मुख्य अतिथि मनोरमा मौर्या ने राज्य सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा, “स्मार्टफोन और टैबलेट छात्रों के लिए सिर्फ उपकरण नहीं, बल्कि उनके भविष्य की कुंजी हैं। इनका रचनात्मक और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करके छात्र वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो सकते हैं।” उन्होंने छात्रों से इन उपकरणों का सही इस्तेमाल करने का आग्रह किया।

विशिष्ट अतिथि डॉ. रामसूरत मौर्य ने कहा कि तकनीक तभी सार्थक है जब उसका उपयोग रचनात्मकता, अध्ययन और व्यक्तिगत विकास के लिए किया जाए। उन्होंने छात्रों को इन उपकरणों का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान कुल 204 छात्र-छात्राओं को व्यक्तिगत रूप से स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित किए गए। वितरण प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी, सुव्यवस्थित और तकनीकी मानकों के अनुसार संपन्न हुई।

कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता अहमद अब्बास खान ने कुशलतापूर्वक किया। इस अवसर पर कॉलेज के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. जीवन यादव, डॉ. के.के. सिंह, आर.पी. सिंह, डॉ. प्रज्वलित यादव, डॉ. गुलाब यादव, डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव, प्रवीण यादव, तकरीम फातिमा, और स्मार्टफोन एवं टैबलेट कंट्रोलर संदीप सिंह व बृजेंद्र सिंह राव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हुआ।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज