Fastblitz 24

स्टंटबाज युवक ने 110 किमी की रफ्तार से भाविका गुप्ता को मारा टक्कर, सिर की हड्डियां टूटी, दांत निकलकर बिखरे

 

कानपुर. गुरुवार को कानपुर के गंगबैराज में बाइक से स्टंट कर रहे युवक ने 110 किमी की रफ्तार से स्कूटी सवार युवतियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्र भाविका 50 मीटर तक घिसटटी चली गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि उसके जबड़े के दांत टूटकर घटना स्थल पर बिखर गए। सिर की हड्डी चकनाचूर हो गईं। शरीर पर इतने चोट के निशान थे कि गिनना मुश्किल था। भाविका को फौरन हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

उन्नाव के शुक्लागंज सर्वोदय नगर निवासी मनीष गुप्ता होटल लैंडमार्क में शेफ हैं। मनीष की इकलौती बेटी भाविका (23) डीएवी डिग्री कॉलेज में बीए अंतिम वर्ष की छात्रा है और एनसीसी कैडेट थी। रामादेवी सनिगवां निवासी चचेरे भाई अंकित गुप्ता ने बताया कि गुरुवार देर शाम लगभग आठ बजे शुक्लागंज के ऋषि नगर निवासी सहेली नेहा मिश्रा के साथ गंगाबैराज स्कूटी से घूमने गईं थीं।

बैराज मैगी प्वाइंट से जैसे ही भाविका ने स्कूटी घुमाया। बिठूर की तरफ से 110km की रफ्तार से स्टंट करते हुए आ रहे बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। भाविका की स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। बाइक ड्राइव कर रहा युवक और उसका साथी अन्य दोस्तों के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची नवाबगंज पुलिस ने छात्रा को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात इलाज के दौरान भाविका की मौत हो गई।

भाविका के पिता मनीष गुप्ता की तहरीर पर नवाबगंज पुलिस ने बृजेश निषाद के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। नवाबगंज थाना प्रभारी केशव तिवारी का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। इस हादसे में बाइक सवार और उसके पीछे बैठे साथी को भी चोटें आई हैं। दोनों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार में सिर की हड्डियां टूटने से कोमा में जाने के कारण भाविका की मौत हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट बड़ी ही भयावह है। भाविका के पसलियां टूटकर हार्ट और फेफड़ों में घुस गईं। कंधे, दोनों हाथ-पैर, कमर और शरीर की दो दर्जन से ज्यादा हड्डियां टूट गईं। इसके साथ ही पूरे शरीर पर रगड़ के निशान मिले हैं। घटना स्थल से मिली युवक की बाइक के हैंडल के नीचे एक इंस्टाग्राम आईडी लिखी थी। जब आईडी को सर्च किया गया तो वह बिठूर में रहने वाले बृजेश निषाद की निकली। बृजेश स्टंट कर रील बनाकर इंस्टाग्राम में अपलोड करता था।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज