जौनपुर: जनपद जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र के गुरैनी में बुधवार देर रात एक भयानक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। गुरैनी पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से आ रहे ट्रैक्टर में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंट गया। इस घटना से नेशनल हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, अंबेडकरनगर जनपद के तीन मजदूर पुलिस लाइन से ईंट उतार कर वापस लौट रहे थे। बुधवार रात करीब 9:30 बजे, शाहगंज की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनके ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक महेंद्र (28 वर्ष) पुत्र नोहरलाल, निवासी अमीनपुरवा, थाना इब्राहिमपुर, जिला अंबेडकरनगर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल हुए दो अन्य लोगों की पहचान चिरजो (74 वर्ष) पुत्र मगरु, निवासी दराफपुर और राजकुमार पुत्र रामदुलार, निवासी भरौली, थाना जलालपुर, जिला अंबेडकरनगर के रूप में हुई है। इन दोनों घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक महेंद्र के परिवार में कोहराम मच गया। जौनपुर पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। महेंद्र अपने पीछे पत्नी और एक दो वर्षीय मासूम बेटी छोड़ गए हैं। पूरे अमीनपुरवा गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गुरैनी स्थित यह जगह अब ‘एक्सीडेंटल जोन’ बन गई है, जहां हर महीने सड़क हादसों में लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।


Author: fastblitz24



