Fastblitz 24

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (नवीन) ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

 

जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (नवीन) के प्रांतीय अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र यादव ने जिलाधिकारी को गुलदस्ता भेंट कर नूतन वर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश्वर (राज केशर) के नेतृत्व में जनपद के शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी की उपस्थिति में मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) अजय कुमार अम्बष्ट को सौंपा गया।

ज्ञापन प्राप्त करते हुए जिलाधिकारी ने समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। संगठन द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में प्रमुख रूप से 28 मार्च 2005 के पूर्व की विज्ञप्ति के आधार पर एनपीएस से ओपीएस में आच्छादित होने वाले सैकड़ों शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की जुलाई 2016 से अप्रैल 2025 तक की एनपीएस कटौती की संपूर्ण धनराशि ब्याज सहित जीपीएफ खाते में भेजे जाने, स्थानांतरण से आए शिक्षकों के वेतन आदेश शीघ्र निर्गत करने, आदर्श कन्या इंटर कॉलेज खेतासराय का तीन माह से बाधित वेतन भुगतान करने,सहदेव इंटर कॉलेज भोड़ा मड़ियाहूं के शिक्षकों अशोक कुमार,जितेंद्र कुमार सुदीप कुमार सिंह,दयाशंकर यादव का लंबित अवशेष देयक भुगतान करने, तथा सर्वोदय इंटर कॉलेज सुदनीपुर मड़ियाहूं के संजीव कुमार श्रीवास्तव, सुनील कुमार, सुरेश कुमार, राहुल यादव,अभय प्रताप यादव शिक्षकों को चयन वेतनमान दिए जाने की मांग प्रमुख रही।

इसके अतिरिक्त जनपद के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के मेडिकल एवं अर्जित अवकाश को मानव संपदा पोर्टल पर अपडेट करने, चयन बोर्ड 2021 से चयनित शिक्षकों की सेवा पुस्तिका एवं मानव संपदा अपडेट,ओपीएस से आच्छादित शिक्षकों के आवंटित खाता संख्या का मानव संपदा पर अंकन, प्रोन्नत वेतनमान एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की एसीपी पत्रावलियों का निस्तारण, तथा मानव संपदा पोर्टल से संबंधित आईडी-पासवर्ड को व्यक्तिगत एवं गोपनीय मानते हुए बिना सहमति के न मांगे जाने का आदेश निर्गत करने की मांग शामिल है।

जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक को तलब कर संगठन का पत्रक सौंपते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की और कहा कि शिक्षकों की समस्याएं अनावश्यक रूप से लंबित क्यों रखी जा रही हैं। उन्होंने शीघ्र निस्तारण कर अवगत कराने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के निस्तारण में देरी के लिए कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते हैं, जबकि वास्तविकता कुछ और है। वहीं जिलाध्यक्ष राजेश्वर ने आरोप लगाया कि जिला विद्यालय निरीक्षक न तो कार्यालय में उपलब्ध रहते हैं और न ही फोन उठाते हैं, जिससे शिक्षक वर्ग परेशान है।

प्रांतीय अध्यक्ष ने 5 जनवरी को प्रयागराज स्थित शिक्षा निदेशालय के घेराव को सफल बनाने में शिक्षकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलनात्मक निर्णय लेने को विवश होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व मीडिया प्रभारी रामसेवक कनौजिया,जयप्रकाश एवं वीरेंद्र यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज