जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के टिकरी गांव के समीप मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहाँ अयोध्या से दर्शन कर वाराणसी लौट रही एक स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़ी ट्रक से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में कार सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, वाराणसी के चौक निवासी बेबी देवी (55) अपने पुत्र राहुल कसेरा के साथ अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से अयोध्या दर्शन के लिए गई थीं। दर्शन के बाद वे रात में ही वाराणसी स्थित अपने घर के लिए रवाना हो गए। मंगलवार सुबह जैसे ही उनकी कार टिकरी गांव के पास पहुंची, वह सड़क किनारे पहले से खड़ी एक ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पूरा पढ़िए… ????


हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने माँ-बेटे को नौपेड़वा सीएचसी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों ने बेबी देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल पुत्र राहुल कसेरा का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्यवाही में जुट गई है।
जौनपुर जिले में इन दिनों सड़क हादसों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है, जिसमें कई लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और विशेषकर रात व सुबह के समय वाहनों की गति और पार्किंग नियमों के पालन की आवश्यकता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
Author: fastblitz24



