जौनपुर। डोभी क्षेत्र स्थित पत्ररही बाजार में एक तेज रफ्तार आर्टिका कार अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई। कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मारी और बिजली के खंभे से जा टकराई। इस हादसे में 22 वर्षीय एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गयाए जबकि बिजली का खंभा टूटकर लटक गया। घायल युवक की पहचान पत्ररही बाजार निवासी प्रिंस विश्वकर्मा के रूप में हुई है। घटना के समय प्रिंस अपने दोस्तों के साथ बाजार में बातचीत कर रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। चालक की पहचान आजमगढ़ निवासी रंजीत पुत्र केदार गुप्ता के रूप में हुई है। उसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल प्रिंस विश्वकर्मा को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया हैए जहां उसका इलाज जारी है। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि चालक को गिरफ्तार कर वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Author: fastblitz24



