धौलपुर। धौलपुर जिले के सरमथुरा थाना क्षेत्र स्थित मशहूर दमोह झरना पिकनिक स्पॉट बुधवार को हादसे का गवाह बन गया, जब छुट्टी मनाने आए एयरफोर्स जवान की डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान लक्ष्मी ईश्वर प्रसाद (निवासी आलिदाबाद, तेलंगाना) के रूप में हुई है, जो एयरफोर्स की आगरा यूनिट में तैनात थे।

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी ईश्वर अपने दो साथी जवानों—पी संदीप और रवि तेजा—के साथ झरने पर नहाने पहुंचे थे। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल पाए। साथी जवानों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे।
पूरा पढ़िये 👇


घटना की सूचना 16 घंटे बाद पुलिस तक पहुंची। इसके बाद SDRF टीम और स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। करीब 24 घंटे की कठिन मशक्कत के बाद जवान का शव पानी से बाहर निकाला गया।
चूंकि मृतक के परिजन तेलंगाना से धौलपुर नहीं पहुंच पाए, इसलिए एयरफोर्स अधिकारियों की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड द्वारा मृतक का पोस्टमॉर्टम कराया गया। शुक्रवार सुबह रिपोर्ट के बाद जवान का पार्थिव शरीर यूनिट के साथियों और अधिकारियों को सौंप दिया गया, जिससे उसे उनके पैतृक गांव भेजा जा सके।
साथी जवान पी संदीप ने सरमथुरा पुलिस को घटना की लिखित जानकारी दी है। एयरफोर्स अधिकारियों ने इस मामले पर कोई आधिकारिक टिप्पणी करने से इंकार कर दिया है।
दमोह झरना हर साल बड़ी संख्या में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आकर्षित करता है, लेकिन गहरे पानी और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण यहां डूबने की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। ताजा हादसे ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author: fastblitz24



