Fastblitz 24

कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 ​परीक्षा का महाकुंभ: जौनपुर में GRP का ‘सुरक्षा कवच’, प्लेटफॉर्म से लेकर खुले आसमान के नीचे सो रहे अभ्यर्थियों को जगाकर सामान के प्रति कर रही सचेत

  • मिशन खाकी: जौनपुर जंक्शन पर उमड़ा 56 हजार से अधिक परीक्षार्थियों का सैलाब; लॉज-होटल हुए फुल, रेलवे परिसर बना ‘रैनबसेरा’
  • जीआरपी अलर्ट: इंस्पेक्टर सुनील कुमार गौड़ खुद संभाल रहे कमान, चप्पे-चप्पे पर गश्त; संदिग्धों की हो रही धरपकड़
  • सरकारी मुस्तैदी: 21 केंद्रों पर 1200 कार्मिकों की फौज तैनात, 6 पालियों में तय होगा 32 हजार से अधिक जवानों का भविष्य

जौनपुर | उत्तर प्रदेश पुलिस में 32,679 कांस्टेबल पदों पर सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा देने जौनपुर पहुंचे हजारों युवाओं की सुरक्षा के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। रेल मार्ग से भारी संख्या में पहुंचे परीक्षार्थियों के कारण जौनपुर जंक्शन पर तिल रखने की जगह नहीं बची है। आलम यह है कि शहर के सारे होटल और लॉज फुल हो चुके हैं, जिसके चलते थके-हारे अभ्यर्थी रेलवे प्रतीक्षालय (वेटिंग रूम), प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर के आसपास खुले स्थानों को ही अपना ठिकाना बनाकर ‘रात्रि विश्राम’ कर रहे हैं।

​गहरी नींद और थकान के बीच इन अभ्यर्थियों के कीमती दस्तावेज, मोबाइल और बैग चोरी न हो जाएं, इसके लिए जीआरपी की टीमें रात भर स्टेशन परिसर में घूम-घूमकर सो रहे युवाओं को जगा रही हैं और उन्हें उनके सामान के प्रति सचेत कर रही हैं।

     8 से 10 जून तक चलने वाले इस परीक्षा महाकुंभ में अराजक तत्वों और उचक्कों पर नकेल कसने के लिए जीआरपी ने पूरे स्टेशन को एक अभेद्य ‘सुरक्षा चक्र’ में तब्दील कर दिया है। जीआरपी इंस्पेक्टर सुनील कुमार गौड़ के नेतृत्व में संदिग्धों पर पैनी नजर रखी जा रही है और लाउडस्पीकर से लगातार सतर्कता संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।

​परीक्षा का पूरा विवरण: 6 पालियों में तय होगा भाग्य

​नोडल अधिकारी व एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए खाका तैयार किया गया है।

  • कुल परीक्षार्थी: जौनपुर जनपद में निर्धारित कुल 6 पालियों में 56,880 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं।
  • पालियों का समय: परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न हो रही है। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक आयोजित की जा रही है। 3 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में अभ्यर्थियों का कड़ा इम्तिहान हो रहा है।

​केंद्रों का विवरण: इन 21 परीक्षा केंद्रों पर कड़ा पहरा

​जनपद के कुल 21 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। सुरक्षा और प्रशासनिक पहुंच को आसान बनाने के लिए मुख्य इलाकों के प्रमुख विद्यालयों को ही सेंटर बनाया गया है।

  • प्रमुख परीक्षा क्षेत्र: शहर कोतवाली, लाइन बाजार, सरायख्वाजा, जलालपुर, जफराबाद और केराकत कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चुनिंदा विद्यालयों और महाविद्यालयों को परीक्षा केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है। इन सभी सेंटर्स पर सीसीटीवी कैमरों और जैमर्स के जरिए कड़ी निगरानी की जा रही है।

​सरकारी तैयारी: 1200 कार्मिकों की ‘सुपर-फोर्स’ तैनात

​परीक्षा की शुचिता भंग न हो और कानून व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए जिला प्रशासन ने त्रिस्तरीय सुरक्षा एवं प्रशासनिक ढांचा तैयार किया है:

प्रशासनिक चक्रव्यूह:

  • 21 केंद्र व्यवस्थापक: हर परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थाओं की कमान संभाल रहे हैं।
  • 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट: अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग कर स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
  • 21 स्टैटिक मजिस्ट्रेट: केंद्रों के भीतर हर गतिविधि की लाइव मॉनिटरिंग के लिए तैनात हैं।
  • 1200 पुलिस व प्रशासनिक कार्मिक: परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी दे रहे हैं।
fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज