जौनपुर। नगर के मछलीशहर पड़ाव क्षेत्र के रहवासियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण भारी जलभराव से लोग पहले ही परेशान थे कि अब एक और नई मुसीबत ने उन्हें घेर लिया। सोमवार को जलभराव में करंट की चपेट में आकर तीन युवा खुले मैनहोल में बह गए थे, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया था।

रविवार सुबह इसी क्षेत्र में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब पुराने जर्जर बिजली के खंभों को बदलते वक्त, सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते, गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। दरअसल, तारापुर कॉलोनी मोड़ के पास बिजली के खंभे गाड़ने के लिए खुदाई की जा रही थी, उसी दौरान मशीन ने जमीन के नीचे दबी गैस पाइप में छेद कर दिया, जिससे तेजी से एलपीजी गैस फैलने लगी। आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और सभी घरों से बाहर निकल आए।

पूरा पढिए 👇


स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जब उन्होंने खंभा बदलने के काम के दौरान पाइपलाइन के होने की जानकारी दी, तो मौजूद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने उनकी बात को नज़रअंदाज़ कर दिया। ठेकेदार ने भी खुदाई की जानकारी गैस कंपनी को देने की बात कही, लेकिन कंपनी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, जिससे यह दुर्घटना घटी।गैस रिसाव की खबर मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया और लीकेज को रोक दिया। स्थानीय लोगों ने आसपास की दुकानों को तुरंत बंद करवाया और मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया।समय पर सतर्कता बरतने से बड़ा हादसा टला, लेकिन लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी ने क्षेत्रवासियों को खौफ में डाल दिया है। प्रशासन और संबंधित कंपनियों की जिम्मेदारी है कि आगे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Author: fastblitz24



